कबीरधाम, 30 जुलाई 2024:- शासन की आत्मसमर्पण नीति और पुलिस की अपील का व्यापक असर अब माओवादियों पर भी दिखने लगा है। इसी क्रम में जिला कबीरधाम में आज दो इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर लोकतंत्र और संविधान में अपनी आस्था जताई है। आत्मसमर्पित माओवादी एम एम सी जोन के कान्हा भोरमदेव एरिया कमेटी के अंतर्गत सक्रिय थे। इनमें से एक नक्सली पर 15 लाख रुपये और दूसरे पर 10 लाख रुपये का इनाम था।
आत्मसमर्पित नक्सलियों में से एक नक्सली के खिलाफ जिला कबीरधाम में कुल 11 अपराध दर्ज हैं, जबकि दूसरा नक्सली बंद के दौरान रोड खोदना, पेड़ काटना और नक्सली बैनर पोस्टर लगाने जैसी घटनाओं में शामिल था। छत्तीसगढ़ शासन की ‘‘नक्सल उन्मूलन एवं नक्सल पुनर्वास नीति’’ के तहत जिला कबीरधाम में विश्वास, विकास और सुरक्षा की भावना का व्यापक प्रचार-प्रसार हो रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक राजनंदगांव रेंज दीपक कुमार झा (भा.पु.से.), पुलिस अधीक्षक कबीरधाम डॉ अभिषेक पल्लव (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास कुमार (भा.पु.से.) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान और छ.ग. शासन की ‘‘पुनर्वास नीति’’ के तहत जिला पुलिस बल के द्वारा भटके हुए माओवादियों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए लगातार संपर्क और संवाद कर शासन की नक्सल पुनर्वास नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक किया जा रहा है। साथ ही नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नक्सल गश्त सर्चिंग में वृद्धि की जा रही है, जिसके परिणाम स्वरूप यह बदलाव माओवादी कैडर में दिखाई दे रहा है।
माओवादियों के अमानवीय, आधारहीन विचारधारा और उनके शोषण, अत्याचार तथा स्थानीय आदिवासियों पर होने वाली हिंसा से तंग आकर नक्सलवाद की ओर भटके युवा अब समाज की मुख्यधारा में जुड़ने का संकल्प कर रहे हैं। इसी क्रम में नक्सल संगठन में सक्रिय दो माओवादियों ने आज दिनांक 30 जुलाई 2024 को पुलिस अधीक्षक कबीरधाम डॉ अभिषेक पल्लव (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास कुमार (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल (रा.पु.से.) और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में आत्मसमर्पण किया।
आत्मसमर्पित माओवादियों का विवरण:
दिनेश उर्फ लक्ष्मण माडकम (उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी पुल्लमपाड़ थाना चिंतलनार, जिला सुकमा, छ.ग.)
संगठन में पद: विस्तार प्लाटून नंबर 02/ भोरमदेव एरिया कमेटी- सदस्य
धारित हथियार: 12 बोर
अपराधिक रिकॉर्ड: जिला कबीरधाम में 07 और जिला केसीजी में 4 अपराध दर्ज
इनाम: छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश राज्यों में कुल 10 लाख रुपये
भीमा उर्फ अशोक उर्फ अनिल पिता लच्छा (उम्र लगभग 38 वर्ष, निवासी पुवर्ती थाना जगरगुंडा, जिला सुकमा, छ.ग.)
संगठन में पद: बटालियन-1 की कंपनी 1 का पीएल-2 का सदस्य, सप्लाई टीम सदस्य
धारित हथियार: .303 रायफल
इनाम: छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश राज्यों में कुल 15 लाख रुपये
इन माओवादियों को आत्मसमर्पण कराने में जिला कबीरधाम के DSB शाखा में कार्यरत प्र.आर. घनाराम सिन्हा, प्र.आर. अभिजीत सिंह, आर कृपाराम, नव आर राजूलाल यादव, डीएसएफ आरक्षक तथा गो.सै. तीजू और दिवाकर का विशेष योगदान रहा। आत्मसमर्पित दोनों माओवादियों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत तत्काल 25,000-25,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसके साथ छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति के तहत प्रावधानित अन्य समस्त सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला पुलिस कबीरधाम मीडिया के माध्यम से नक्सल संगठन में कार्यरत सभी लोगों से अपील करती है कि वे हिंसा का मार्ग त्याग कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हों और एक स्वस्थ, सुरक्षित तथा खुशहाल जीवन जीएं। हमारा उद्देश्य सभी भटके हुए युवाओं को पुनर्वासित कर उन्हें सम्मानित और समृद्ध जीवन प्रदान करना है। हिंसा का मार्ग छोड़कर आत्मसमर्पण करने वाले सभी व्यक्तियों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत हर संभव सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाएगी।