कवर्धा:- रायपुर में 12 से 14 जनवरी 2025 तक आयोजित राज्य युवा महोत्सव में कबीरधाम जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में अपना परचम लहराया। यह महोत्सव खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कबीरधाम टीम ने कृषि उत्पाद श्रेणी में दूसरा पुरस्कार हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया। यह सम्मान माननीय उपमुख्यमंत्री अरुण साव, माननीय मंत्री टंकराम वर्मा (खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग), और पद्मश्री अनुज शर्मा (विधायक, धरसीवा) के करकमलों से प्रदान किया गया।
कबीरधाम टीम की इस उपलब्धि पर न केवल पूरा जिला, बल्कि पूरा राज्य गर्व महसूस कर रहा है। इस सम्मान ने यह साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और प्रतिभा के बल पर हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
कबीरधाम की उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा
इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि कबीरधाम जिला अपनी होनहार प्रतिभाओं के बल पर प्रदेश का नाम रोशन करता रहेगा। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में यह सफलता जिले के युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने का कार्य करेगी।