राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों में भी बहुत उत्साह देखने को मिल रहा है। राम मंदिर में भगवान श्री राम को विराजमान करने के लिए 22 जनवरी 2024 का दिन चुना गया है। बता दें इस दिन राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए 84 सेकेंड का अति शुभ मुहूर्त रहेगा।
22 जनवरी 2024 तिथि
हिंदू पंचांग के अनुसार 22 जनवरी को पौष माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि है। नक्षत्र मृगशिरा और योग ब्रह्म सुबह 8 बजकर 47 मिनट तक है फिर इसके बाद इंद्र योग लग जाएगा।
प्राण प्रतिष्ठा के लिए 22 जनवरी को क्यों चुना गया
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 22 जनवरी को कर्म द्वादशी है. ये द्वादशी तिथि भगवान विष्णु को समर्पित है। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु ने कछुआ अवतार लिया था। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु ने कछुए का अवतार लेकर समुद्र मंथन में सहायता की थी। भगवान श्री राम विष्णु जी के ही अवतार हैं। इसलिए राम मंदिर के उद्धाटन के लिए इस दिन को बेहद शुभ माना जा रहा है और इसी दिन को चुना गया है।
बन रहे हैं ये शुभ योग
ज्योतिषीयों के अनुसार 22 जनवरी को कई शुभ योगों का निर्माण हो रहा है। इस दिन तीन शुभ योग सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग औररवि योग का निर्माण हो रहा है। किसी भी शुभ काम को करने के लिए इस दिन को बहुत शुभ माना गया है।इन योगों में अगर कोई भी कार्य किया जाए,तो व्यक्ति को सभी प्रकार के कार्यों में सफलता मिलती है।