कवर्धा, 11 अगस्त 2024:- कबीरधाम जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष पतिराम साहू और जिला महामंत्री धरम साहू व अशोक साहू द्वारा समाज की प्रगति और विकास के लिए निरंतर सक्रियता दिखाने वाले समाजसेवियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। इस कड़ी में पोंडी निवासी वेद साहू को जिला साहू संघ के मुख्य संगठन में जिला मीडिया प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
अपनी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वेद साहू ने जिलाध्यक्ष पतिराम साहू, जिला महामंत्री धरम साहू, अशोक साहू सहित प्रदेश और जिले के सभी पदाधिकारियों का हृदय से आभार प्रकट किया है। उन्होंने विश्वास दिलाया है कि वे अपने नए दायित्व को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे और समाज की प्रत्येक गतिविधि को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने का काम करेंगे।
जिला मीडिया प्रभारी के पद पर वेद साहू की नियुक्ति पर जिला महामंत्री धरम साहू, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयराम साहू, अश्वन साहू, अजीत साहू, और ओमकार साहू सहित अन्य समाजसेवियों ने भी उन्हें बधाई दी है। सभी ने उम्मीद जताई है कि वेद साहू अपने नए दायित्व को सफलतापूर्वक निभाएंगे और समाज की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
साहू समाज के इस महत्वपूर्ण पद पर उनकी नियुक्ति को समाज के विकास और सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वेद साहू के इस पद पर आने से समाज की गतिविधियों और कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से प्रसारित करने में मदद मिलेगी।