कवर्धा:- कबीरधाम जिले की पहचान और गौरव, महिला नगर सैनिक सुश्री रीना शर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों और समाज सेवा के प्रति समर्पण के लिए विशेष सम्मान मिला है। 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित एक भव्य समारोह में बिलासपुर के विधायक और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री माननीय अमर अग्रवाल और पंडरिया की विधायिका भावना बोहरा के करकमलों द्वारा रीना शर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रीना शर्मा, जो कबीरधाम जिले की महिला नगर सैनिक के रूप में 11 वर्षों से अपने कार्यों में निपुणता और लगन से जुटी हैं, ने हर छोटे-बड़े कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। चाहे समाज सेवा हो या विभागीय योगदान, उन्होंने अपने दायित्वों को हमेशा पूरी निष्ठा के साथ निभाया है। उनकी यह समर्पण भावना कबीरधाम जिले के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों के बीच अत्यंत सराही गई है।

विशेष रूप से, पवित्र सावन माह के प्रथम सोमवार को आयोजित कवर्धा से भोरमदेव मंदिर तक की पदयात्रा में उनकी सक्रिय भागीदारी और कर्तव्य पालन को जिले के लोग कभी नहीं भूल सकते। इस पदयात्रा का आयोजन जिलाधीश महोदय के नेतृत्व में किया जाता है, जिसमें सुश्री रीना शर्मा हर बार अपनी आस्था और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।

रीना शर्मा वर्तमान में महिला सेल से स्वामी विवेकानंद एकेडमी में कार्यरत है , जहां वे बेरोजगार युवक-युवतियों को राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिला सेल में उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पर्यावरण संरक्षण और रक्तदान जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक कार्यों के लिए भी लोगों को जागरूक किया है।

रीना शर्मा का यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि पूरे कबीरधाम जिले का गौरव है। उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों ने न केवल जिले का मान बढ़ाया है, बल्कि अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई हैं। इस सम्मान के बाद, रीना शर्मा और भी दृढ़ संकल्प के साथ समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के अपने कार्यों में जुटी रहेंगी।